रुद्रपुर में भाजपा की पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

रुद्रपुर में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में गांधी पार्क से शुरू हुई पदयात्रा बाटा चौक, भगत सिंह चौक और हरि मंदिर होते हुए वापस गांधी पार्क पहुंची। इस दौरान सड़कों के दोनों ओर लोगों ने पुष्पवर्षा और जोरदार नारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
पदयात्रा के बाद गांधी पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह अभियान विकास बनाम विनाश और सुशासन बनाम अराजकता की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर से शुरू हुई यह यात्रा शांति, लोकतंत्र और विकास का संदेश लेकर प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार चुनावी पराजय से हताश कांग्रेस अब संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस को चुनावी व्यवस्था सही लगती है, लेकिन हारने पर वही व्यवस्था गलत नजर आने लगती है। एसआईआर को लेकर भी उन्होंने विपक्ष पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री धामी ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंडवासियों को लेकर की गई टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश के सम्मान और स्वाभिमान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के संबंध में की गई टिप्पणी और राहुल गांधी की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के प्रति टिप्पणी पर भी कड़ी आपत्ति जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान, नागरिक अधिकारों की सुरक्षा और जनभागीदारी में निहित है। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
